रामनवमी पर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट,ड्रोन से होगी कड़ी निगरानी
रामनवमी पर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट,ड्रोन से होगी कड़ी निगरानी
डीसी-एसपी ने किया क्षेत्र का दौरा, शांति बनाए रखने की अपील
पलामू: आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को उपायुक्त (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने पंडवा थाना क्षेत्र के मझिगांव एवं पाटन प्रखंड के पल्हेकला का दौरा किया।
इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न समुदायों के स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अफवाह या असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं, क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ ड्रोन के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि रामनवमी का पर्व शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हो सके।





