पलामू में दो दिवसीय पुस्तक मेले का भव्य शुभारंभ
पलामू : पलामू जिला पुस्तकालय में आयोजित दो दिवसीय पुस्तक मेले का मंगलवार को भव्य शुभारंभ किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन ने फीता काटकर किया।इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान,एनडीसी नीरज कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी सौरव प्रकाश,प्रो. शालिनी लिहितकर (पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग,राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय,नागपुर) साहित्यकार हरिवंश प्रभात तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. असीम सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर पुस्तक मेले का शुभारंभ किया।पुस्तक मेले में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं,शिक्षक एवं पुस्तक प्रेमियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।मेले में विभिन्न प्रकाशकों के दर्जनों स्टॉल लगाए गए हैं जहां प्रतियोगी परीक्षाओं, साहित्य,बाल पुस्तकों एवं अन्य ज्ञानवर्धक सामग्री की आकर्षक प्रदर्शनी की गयी है।आगंतुकों द्वारा विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर पुस्तकों की खरीदारी भी की जा रही है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री हुसैन ने कहा कि“किताबें हमारे जीवन की सबसे अच्छी मित्र होती हैं।”उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में पढ़ने की आदत में कुछ कमी आई है,किंतु पुस्तकें ही व्यक्ति की सोचने एवं समझने की क्षमता का विकास करती हैं।उन्होंने छात्र-छात्राओं से नियमित रूप से पुस्तक पढ़ने की आदत विकसित करने का आह्वान किया तथा कहा कि पुस्तकें न केवल ज्ञानवर्धन करती हैं,बल्कि व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार के पुस्तक मेले समाज में पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देने में अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होंगे।





