BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

छोटा गोविन्दपुर में गणेश चतुर्थी को लेकर तीनतल्ला बॉयज़ कमेटी ने किया भूमि पूजन, पूजा स्थल पर ही बनेगी गणेश प्रतिमा


जमशेदपुर। छोटा गोविंदपुर स्थित एल.आई.जी. ग्राउंड में आगामी गणेश चतुर्थी महोत्सव को लेकर तीनतल्ला बॉयज़ कमेटी द्वारा विधिवत भूमि पूजन किया गया। धार्मिक विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में धार्मिक न्यास बोर्ड झारखंड सरकार के सदस्य जम्मी भास्कर, शिक्षक संजीव पोल, युवा समाजसेवी शशि सिंह यजमान के रूप में बैठे थे, पूजा अर्चना में क्षेत्र के सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं सहित कमेटी के सभी सदस्यों ने भाग लिया। भूमि पूजन के साथ ही गणपति महोत्सव की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ हो गया।

भूमि पूजन कार्यक्रम में, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री श्री बन्ना गुप्ता के राजनीतिक सलाहकार एवं धार्मिक न्यास बोर्ड सदस्य जम्मी भास्कर, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कमलेश सिंह, शिक्षक संजीव पॉल, राकेश सिंह एवं शशि सिंह सहित तीनतल्ला बॉयज़ कमेटी के सभी सदस्य एवं साथी मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के दौरान भगवान श्री गणेश से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि एवं सभी लोगों के कल्याण की कामना की गई।

इस अवसर पर कमेटी के सदस्य समाजसेवी शशि सिंह ने बताया कि इस वर्ष गणेश चतुर्थी की तैयारियों को भव्य रूप देने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि गणेश प्रतिमा का निर्माण पूजा स्थल पर ही कराया जाएगा, जिससे कमेटी स्वयं प्रतिमा निर्माण की पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर सकेगी। वहीं भव्य पंडाल के निर्माण के लिए विशेष रूप से बंगाल से कुशल कारीगरों को बुलाया जाएगा, ताकि पंडाल की सजावट एवं संरचना आकर्षक एवं भव्य हो। उन्होंने कहा कि गणेश चतुर्थी का पर्व पूरे समाज को एकजुट करने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अवसर है। कमेटी के सभी सदस्य पूरी तरह अनुशासित एवं समर्पित होकर पूजा कार्यक्रम का आयोजन करेंगे।

युवा समाजसेवी शशि सिंह ने कहा कि गणपति गणेश चतुर्थी की पूजा में समाज के सभी लोगों को एकजुट कर उनकी सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन किसी एक व्यक्ति या वर्ग का नहीं, बल्कि पूरे समाज का उत्सव है। इसलिए समाज के सभी लोगों से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया गया है।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं कमेटी के सदस्यों ने कहा कि धार्मिक आयोजन सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी समाज के लिए सकारात्मक संदेश देती है। कमेटी की ओर से पूजा स्थल की सजावट, प्रतिमा निर्माण, पंडाल, विद्युत व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा, प्रसाद वितरण एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

कमलेश सिंह एवं जम्मी भास्कर ने कमेटी के सदस्यों को गणेश चतुर्थी आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं भव्य रूप से आयोजित किया जाए। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से भी धार्मिक आयोजन में सहयोग एवं सहभागिता की अपील की।

भूमि पूजन के साथ ही छोटा गोविंदपुर एल.आई.जी. ग्राउंड में गणेश चतुर्थी महोत्सव को लेकर उत्साह का माहौल बन गया है। कमेटी के सदस्यों ने कहा कि इस वर्ष पूजा कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए सभी मिल-जुलकर कार्य करेंगे और समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।