श्रावणी मेले में भक्ति और संस्कृति का संगम, 6 मंचों से गूंज रहे शिव भजन
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 में देश-विदेश से आने वाले लाखों कांवरियों की सुविधा, सुरक्षा और मनोरंजन के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
इसी कड़ी में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, देवघर द्वारा मेला क्षेत्र के 6 प्रमुख स्थलों पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लंबी पैदल यात्रा से थके श्रद्धालुओं की थकान दूर करना और उन्हें भक्तिमय माहौल प्रदान करना है। प्रतिदिन संध्याकाल में स्थानीय कलाकारों द्वारा भजन, कीर्तन और पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुति की जा रही है।
कांवरिया पथ और मेला क्षेत्र में जहां श्रद्धालुओं का ठहराव अधिक होता है, उन स्थानों को विशेष रूप से चुना गया है। सभी 06 मंचों पर अत्याधुनिक साउंड सिस्टम, लाइटिंग और मंच की बेहतर व्यवस्था की गई है, ताकि विश्राम के दौरान श्रद्धालु भक्ति संगीत का आनंद ले सकें।
इस पहल से पूरे मेला क्षेत्र में शिवमय और आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है। वहीं सांस्कृतिक मंचों के माध्यम से लोक कलाकार गीत-संगीत के जरिए सरकार की
जनकल्याणकारी योजनाओं और मेला क्षेत्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी श्रद्धालुओं तक पहुंचा रहे हैं।






