श्रावणी मेले के 23वें दिन बासुकीनाथ धाम में उमड़ा जनसैलाब; 1.42 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक.
• मंदिर को 21.73 लाख की आय.
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
दुमका : राजकीय श्रावणी मेला-2026 अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर है, लेकिन कांवरियों का उत्साह कम नहीं हो रहा है। 23वें दिन शुक्रवार को सावन शुक्ल नवमी पर बाबा बासुकीनाथ धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
सुबह 2:30 बजे मंदिर के कपाट खुलने और 3:00 बजे से सरकारी पूजा के बाद कांवरियों के जलार्पण का सिलसिला शुरू हुआ जो शाम 05 बजे तक अनवरत चलता रहा। चारों ओर 'बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है' के जयघोष से पूरा मंदिर प्रांगण गूंजता रहा। शाम 05 बजे विश्राम पूजा के लिए जलार्पण रोका गया और षोड्शोपचार पूजा के बाद बाबा को विश्राम दिया गया।
मंदिर प्रशासन से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, शाम 05 बजे तक कुल 1,42,652 श्रद्धालुओं ने अरघा के माध्यम से जलाभिषेक किया।
- सामान्य रूट लाइन और जलार्पण काउंटर से - 1,38,952 श्रद्धालु
- शीघ्र दर्शनम कूपन से - 3,700 श्रद्धालु
इसके अलावा हजारों असमर्थ, वृद्ध और बीमार श्रद्धालुओं ने काउंटर से जल चढ़ाकर और एलईडी स्क्रीन पर लाइव दर्शन कर पूजा किया।
शुक्रवार को बासुकीनाथ मंदिर को विभिन्न स्रोतों से कुल 21,73,067 रुपये की नकद आय प्राप्त हुई।
- शीघ्र दर्शनम के 3700 कूपन से - 18,50,000 रुपये
- दान पेटी से - 2,67,790 रुपये
- गोलक गिनती से - 43,470 रुपये
- अन्य स्रोतों से - 11,807 रुपये






