BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

सावन पूर्णिमा पर बाबानगरी में आस्था का सैलाब, दोपहर ढाई बजे हटेगा अर्घा


• प्रातः 04:28 बजे खुला मंदिर का कपाट

अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 के 30वें दिन सावन पूर्णिमा के अवसर पर बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शुक्रवार, 28 अगस्त के अहले सुबह 04:28 बजे मंदिर के कपाट खुलते ही बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण शुरू हो गया। प्रशासन ने सुगम जलार्पण के लिए सभी तैयारियां पूरी कर रखी हैं।

अहले सुबह केसरिया वस्त्रों में रंगे हजारों कांवरिये रूट लाइन में कतारबद्ध देखे गए। सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर पहुंचे शिवभक्त बोल बम के 'जयघोष' के साथ शांतिपूर्ण तरीके से बाबा पर जलार्पण कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि सावन पूर्णिमा के साथ ही श्रावणी मेले का विधिवत समापन माना जाता है।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार शुक्रवार को दोपहर 02:30 बजे बाबा बैद्यनाथ के गर्भगृह से अर्घा हटा दिया जाएगा।

अर्घा हटने के बाद श्रद्धालुओं के लिए सामान्य दिनों की तरह ही स्पर्श पूजा और जलाभिषेक की व्यवस्था प्रारंभ हो जाएंगी। इसके बाद नियमित रूप से बाबा की निर्धारित वैदिक परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना होगी।

सावन पूर्णिमा के दिन जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के पुख़्ता इंतजाम किए गए हैं। रूट लाइन, मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात हैं। पेयजल, चिकित्सा और स्वच्छता की व्यवस्था भी चाक-चौबंद है। श्रद्धालुओं में सावन पूर्णिमा पर जलार्पण को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।