गोड्डा में अडानी फाउंडेशन की पहल, पटवा मिडिल स्कूल का हुआ कायाकल्प, बच्चों को मिला स्वच्छ और सुरक्षित परिसर
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : ग्रामीण शिक्षा को मजबूती देने के उद्देश्य से अडानी फाउंडेशन ने जिले की मोतिया पंचायत के पटवा समरुआ गांव स्थित मिडिल स्कूल पटवा के नवीनीकरण और उन्नयन कार्य को पूरा किया है। अब छात्रों को सुरक्षित, स्वच्छ और बाल-अनुकूल वातावरण में पढ़ाई का अवसर मिलेगा।
इस पहल के तहत विद्यालय परिसर में कई महत्वपूर्ण कार्य कराए गए हैं - मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण, लड़के-लड़कियों के लिए अलग-अलग शौचालयों का जीर्णोद्धार, चारदीवारी, पेवर ब्लॉक, हैंड-वॉश प्लेटफॉर्म और स्वच्छ पेयजल के लिए नई प्लंबिंग व्यवस्था।
नवनिर्मित परिसर का औपचारिक उद्घाटन अडानी पावर प्लांट गोड्डा के सीबीओ एवं स्टेशन हेड कार्तिकेय मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में एचआर एवं एडमिन हेड राधा कृष्ण झा, सिक्योरिटी हेड राघवेंद्र सिंह, सिविल हेड उज्ज्वल दास, विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं, ग्रामीण और फाउंडेशन की टीम मौजूद रही।
अतिथियों ने कहा कि बेहतर आधारभूत संरचना बच्चों के सर्वांगीण विकास और सीखने की क्षमता को बढ़ाती है। शिक्षकों ने फाउंडेशन के सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि इससे बच्चों को प्रेरणादायक माहौल में शिक्षा मिलेगी।
बेहतर सुविधाओं से लैस अपने नए विद्यालय को देखकर बच्चों में खासा उत्साह देखा गया, वहीं ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना की।






