बीज वितरण को लेकर बीडीओ ने बुलाई जनप्रतिनिधियों की बैठक, पारदर्शिता से वितरण का निर्देश
■ मूंगफली के वितरण पर आपसी सहमति नहीं बनने से टला फैसला
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
करौं (देवघर) : कृषि विभाग से प्राप्त विभिन्न प्रजाति के बीजों के वितरण को लेकर शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ ऋषि राज ने की।
बैठक में बीटीएम परविंदर कुमार ने बताया कि सरकार द्वारा प्रखंड को विभिन्न फसलों के बीज आवंटित किए गए हैं। जिसमें
■ मडुवा - 32 किलो
■ मूंगफली - 10 क्विंटल
■ बदाम - 03 क्विंटल 75 किलो
■ अरहर - 04 क्विंटल* बीज शामिल है।
उन्होंने कहा कि मकई का बीज बीरंगाडिया, माधवपुर और सिरसिया* गांवों में वितरित किया जाएगा। वहीं मूंगफली के वितरण को लेकर जनप्रतिनिधियों के बीच आपसी तालमेल नहीं बन पाने के कारण इसे फिलहाल स्थगित रखा गया है। इस मुद्दे पर बैठक में कुछ देर नोकझोंक भी हुई। बाद में अलग से बैठक कर वितरण पर निर्णय लेने की बात कही गई।
बीडीओ ने कृषक मित्रों को निर्देश दिया कि वे ग्राम स्तर पर लाभुकों की सूची तैयार कर लें, ताकि बीज का वितरण पारदर्शी तरीके से हो सके।
जिला परिषद सदस्य ललन कुमार सिंह और मंत्री प्रतिनिधि गुलाम असरफ राजू ने कहा कि प्रखंड को जितना भी बीज आवंटन मिला है, उसका वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। इसमें सभी जनप्रतिनिधियों को शामिल किया जाए और किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो।
बैठक में उप प्रमुख राजेश कुमार, सांसद प्रतिनिधि अशोक यादव, प्रमुख प्रतिनिधि मनोज कुमार सिंह, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुनील हांसदा, जेएमएम प्रखंड उपाध्यक्ष जितेंद्र यादव, भागीरथ गोस्वामी, प्रहलाद दास सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे।





