• दोषियों पर कार्रवाई की मांग
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
मधुपुर बाजार (देवघर) : नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की ताजा रिपोर्ट में पूर्व रेलवे के मधुपुर रेलवे स्टेशन पर पीने के पानी में ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने की पुष्टि के बाद सीपीएम ने रेलवे की घोर लापरवाही को "अपराध" करार दिया है।
सीपीएम के राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने रविवार को जारी बयान में कहा कि ई-कोलाई बैक्टीरिया से डायरिया, फूड प्वाइजनिंग और किडनी खराब होने जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा होता है। कैग की यह रिपोर्ट रेलवे बोर्ड और रेल मंत्रालय की यात्रियों के स्वास्थ्य के प्रति उदासीनता को उजागर करती है।
प्रकाश विप्लव ने कहा कि उदारीकरण और निजीकरण के दौर में रेलवे का ध्यान केवल मुनाफे पर है। आम यात्रियों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा, रेलवे द्वारा दूषित पानी की आपूर्ति करना एक अपराध है। इस अपराध की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अभी मुंबई जैसे महानगरों में भी बड़े-बड़े रेस्तरां और कंपनियों के खाद्य पदार्थ सिर्फ एक्सपायर ही नहीं, बल्कि गंदगी और जानलेवा बैक्टीरिया से भरे पाए गए हैं।
सीपीएम ने मांग की है कि मधुपुर स्टेशन पर दूषित पानी सप्लाई के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी स्टेशनों पर पेयजल की नियमित जांच और शुद्धिकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों के स्वास्थ्य से कोई समझौता न हो।







