तीसरी सोमवारी से पहले डीसी ने किया मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण
• श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर दिया जोर
• 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के बाबाधाम पहुंचने की संभावना.
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 की तीसरी सोमवारी को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां ने रविवार को पूरे मेला क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया।
सुविधा, सुरक्षा और सुगम जलार्पणै सर्वोच्च प्राथमिकता निरीक्षण के दौरान डीसी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा और सुगम जलार्पण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को सेवा भाव से काम करने और विशेष रूप से सतर्क रहने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने नंदन पहाड़, कालीबाड़ी, कुमैठा, कुमुदिनी घोष रोड, बरमसिया, सरकार भवन, परमेश्वर दयाल रोड, बीएड कॉलेज, जलसार पार्क, शिवराम झा चौक और बाबा मंदिर के आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही रूटलाइन, पार्किंग स्थलों, यातायात और विधि व्यवस्था की भी समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निम्न निर्देश दिए:ऐ
- मूलभूत सुविधाएं : पेयजल, शौचालय, सूचना केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, मातृत्व विश्राम गृह और विद्युत केंद्रों को पूरी तरह क्रियाशील रखा जाए।
- आपातकालीन तैयारी : टोटो एम्बुलेंस को अलर्ट मोड में रखा जाए। सभी बैरिकेड्स की मजबूती सुनिश्चित की जाए।
- विद्युत सुरक्षा : संभावित बारिश को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र में बिजली के तारों और उपकरणों की सघन जांच कर विशेष सतर्कता बरती जाए।
- जलार्पण व्यवस्था : कतारबद्ध जलार्पण सुगम बनाने के लिए सभी होल्डिंग पॉइंट्स और क्यू कॉम्प्लेक्स को चुस्त-दुरुस्त रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।
उल्लेखनीय है कि श्रावण मास की तीसरी सोमवारी को 03 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के बाबाधाम पहुंचने की संभावना है।
इस दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर राजीव कुमार, जिला नजारत उपसमाहर्ता मुकेश कुमार, मेला प्रभारी, स्वास्थ्य एवं विद्युत विभाग के अभियंता, डीएमएफटी टीम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।




.jpg)

