देवघर का आम्रपाली अब दुबई में देगा दस्तक, 01 टन आम की पहली खेप रवाना.
■ महिला FPO की मेहनत बनी 'लोकल से ग्लोबल', उपायुक्त ने दिखाई हरी झंडी.
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
अमित कुमार
देवघर : जिले के कृषि क्षेत्र में शुक्रवार 03 जुलाई को ऐतिहासिक दिन दर्ज हुआ समाहरणालय परिसर से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां ने 01 टन आम्रपाली आम की विशेष खेप को दुबई के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उपायुक्त ने कहा कि यह पहली बार है जब जिले की महिला किसानों द्वारा उगाया गया आम सीधे वैश्विक बाजार में जाएगा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पैक किए गए इन आमों को लखनऊ के रास्ते दुबई भेजा जाएगा। इससे ग्रामीण महिला किसानों की आय में सीधी बढ़ोतरी होगी।
उपायुक्त ने इस अभियान को सफल बनाने में मनरेगा टीम और 'मनोन्नति मोहनपुर आजीविका महिला किसान प्रोड्यूसर सोसायटी (FPO)' के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि FPO से जुड़ी दीदियों के समन्वय और प्रशासनिक सहयोग से ही यह संभव हो सका।
उपायुक्त ने 'जेएसएलपीएस' के अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस तरह के अभियानों को और विस्तार दिया जाए, ताकि जिले की अधिक से अधिक महिला किसानों को इससे जोड़ा जा सके। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इस ऐतिहासिक पहल से उत्साहित महिला किसानों और FPO की दीदियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्य सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
मौके पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, डीआरडीए निदेशक सागरी बराल, वाणिज्य मंत्रालय के क्षेत्रीय प्रमुख सीताकांत मंडल, जेएसएलपीएस के डीपीएम सुशील दास, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।





