BREAKING NEWS

logo

निदेशक विकास कुमार ने देवघर में की कृषि योजनाओं की समीक्षा, खेत में उतरकर किसानों संग की धान रोपनी


■ देवीपुर में तालाब जीर्णोद्धार का निरीक्षण, मधुपुर में 100% अनुदान पर अरहर बीज वितरित.

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

देवघर : समेति निदेशक, भूमि संरक्षण, झारखंड विकास कुमार ने देवघर जिले का दौरा कर कृषि एवं भूमि संरक्षण योजनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए।

दौरे की शुरुआत संयुक्त कृषि भवन, चांदपुर में हुई, जहां निदेशक ने कृषि विभाग के पदाधिकारियों और प्रसार कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की। 

बैठक में आत्मा, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, प्रशिक्षण, परिभ्रमण और प्रत्यक्षण जैसी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। निदेशक ने भूमि संरक्षण के निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक के बाद विकास कुमार देवीपुर प्रखंड पहुंचे। वहां उन्होंने भूमि संरक्षण विभाग द्वारा कराए गए तालाब जीर्णोद्धार और डीप बोरिंग कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों और किसानों से बात कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

उन्होंने देवीपुर में चल रही प्राकृतिक खेती के कार्यों की भी सराहना की और किसानों से अधिक से अधिक जैविक खेती अपनाने की अपील की।

 निरीक्षण के दूसरे चरण में निदेशक मधुपुर प्रखंड के पत्थलजोड़ पंचायत स्थित चेचाली गांव पहुंचे। यहां आयोजित भव्य किसान गोष्ठी को संबोधित करते हुए उन्होंने किसानों के बीच 100% अनुदान पर अरहर के बीज वितरित किए।

गोष्ठी में उन्होंने कहा कि अरहर और दलहनी फसलें जमीन की उर्वरा शक्ति बढ़ाती हैं। इनकी जड़ों में नाइट्रोजन स्थिरीकरण की क्षमता होती है, जिससे अगली फसल को सीधा लाभ मिलता है और अलग से यूरिया देने की जरूरत नहीं पड़ती।

कार्यक्रम का सबसे खास पल तब आया जब निदेशक विकास कुमार स्वयं खेत में उतर गए और पारंपरिक तरीके से धान की रोपनी की। अपने बीच अधिकारी को खेत में काम करता देख किसान काफी उत्साहित दिखे।

इस दौरान जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. बिना कुमारी टुडू, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी मुकेश कुमार, जिला उद्यान पदाधिकारी यशराज, उप परियोजना निदेशक आत्मा अरविंद कुमार राय, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक शशांक शेखर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, प्रसार कर्मी और किसान उपस्थित थे।