गोड्डा में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक, डीसी बोले - बुनियादी सुविधाएं और बच्चों की उपस्थिति पर रहे विशेष फोकस
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में उप विकास आयुक्त विश्पुते श्रीकांत यशवंत, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार सहित सभी बीईईओ, बीपीओ, बीआरपी और सीआरपी उपस्थित रहे।
बैठक में उपायुक्त ने विगत बैठक के निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की और कई अहम निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि राज्य स्तर पर जिले की रैंकिंग बेहतर करने के लिए सभी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर शिक्षकों और छात्रों की बायोमेट्रिक उपस्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने शत-प्रतिशत ऑनलाइन हाजिरी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिन विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति कम है, वहां के बीईईओ, बीपीओ, बीआरपी और सीआरपी की जवाबदेही तय कर सुधार लाने को कहा।
उन्होंने सभी स्कूलों में बिजली, पेयजल, शौचालय जैसी बेसिक सुविधाओं को दुरुस्त करने, स्वच्छता सामग्री बच्चों तक पहुंचाने, रोस्टरवार स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने तथा छूटे हुए बच्चों के आधार और जन्म प्रमाण पत्र जल्द बनवाने के निर्देश दिए।
बीआरपी को निर्देश दिया गया कि डिजिटल क्लास वाले स्कूलों की नियमित निगरानी करें और कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित कराएं। सभी अधिकारियों को नियमित स्कूल भ्रमण कर शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा और बच्चों की काउंसलिंग करने को कहा गया।
बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सहित अन्य आवासीय विद्यालयों में सुविधाओं, नामांकन और समग्र शिक्षा अभियान के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा हुई।
अंत में उपायुक्त ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और योजनाओं का लाभ बच्चों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।






