श्रावणी मेला- 2026 में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए हाईटेक होगा सूचना तंत्र, 34 सहायता केंद्र और 10 मातृत्व विश्राम गृह बनाए गए
■ नगर आयुक्त व एसडीओ ने सूचना सहायक कर्मियों को किया ब्रीफ, सेवाभाव से करें ड्यूटी.
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए इस बार आधुनिक तकनीक और सेवा भाव को प्राथमिकता दी जाएगी।
सूचना भवन सभागार में नगर आयुक्त सुलोचना मीना और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार की अध्यक्षता में ब्रीफिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त सभी सूचना सह सहायता कर्मी और मातृत्व विश्राम गृह की सहयोगी कर्मियों को उनके दायित्वों की जानकारी दी गई।
नगर आयुक्त सुलोचना मीना ने कहा कि सूचना कर्मियों का काम सिर्फ बिछड़े कांवरिया को मिलाना नहीं है। आपको पूरे सेवाभाव और कर्तव्यनिष्ठा के साथ ड्यूटी करनी है। मेला में आने वाले श्रद्धालु हमारी प्राथमिकता हैं और उनके चेहरे पर संतोष देखना ही जिला प्रशासन का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष पूरे मेला क्षेत्र के 34 सूचना सह सहायता केंद्रों को आपस में जोड़ा जाएगा। सूचना तंत्र को हाईटेक बनाया गया है ताकि भीड़ में बिछड़े श्रद्धालुओं की सटीक जानकारी तुरंत मिल सके और परिजनों से संपर्क स्थापित किया जा सके।
अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने कहा कि भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन सूचना प्रसार में सूचना कर्मियों की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने सभी उद्घोषकों को शालीनता और मधुर व्यवहार से श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करने का निर्देश दिया।
एसडीओ ने मातृत्व विश्राम गृह की महिला कर्मियों की जिम्मेदारी को "बहुत बड़ी" बताते हुए कहा इसमें कोताही की कोई गुंजाइश नहीं है। उन्होंने सभी कर्मियों को ड्यूटी से आधा घंटा पहले पहुंचकर व्हाट्सएप ग्रुप और हाजरी बही में उपस्थिति दर्ज कराने का निर्देश भी दिया।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती ने बताया:
- 34 सूचना सह सहायता केंद्र और *04 टोटो* 24x7 कार्यरत रहेंगे
- 10 मातृत्व विश्राम गृह बनाए गए हैं। यहां सैनिटरी पैड, डायपर, दूध, बिस्कीट की व्यवस्था और महिला कर्मियों की प्रतिनियुक्ति होगी
- जहां टोटो नहीं जा सकेगी वहां के लिए 2 बाइकर्स तैनात रहेंगे
- सर्राफ स्कूल में केंद्रीय सूचना केंद्र बनेगा। यहां से बिछड़े कांवरिया को घर तक भेजने की जिम्मेदारी दंडाधिकारी की टीम निभाएगी
ब्रीफिंग में सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित संबंधित विभाग के कर्मी और सभी सूचना सहायक कर्मी उपस्थित थे।





