करौं में बेखौफ़ चल रहा अवैध कोयला कारोबार, प्रशासन की उदासीनता से बढ़ा नेटवर्क
■ साईकिल-मोटरसाईकिल से रोजाना सैकड़ों टन कोयले की तस्करी, हादसों का खतरा
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
करौं (देवघर) : करौं थाना क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार पूरी तरह बेलगाम हो गया है। चितरा कोलियरी क्षेत्र से रोजाना सैकड़ों साइकिल और मोटरसाइकिलों के जरिए चोरी का कोयला लाकर करौं बाजार होते हुए प्रखंड के गांवों और सीमावर्ती जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ प्रखंड में खपाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस कारोबार को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। नतीजतन अवैध कारोबार दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार चितरा कोलियरी क्षेत्र से कोयला निकालकर उसे बोरे में भरकर साइकिल और बाइक पर लाद दिया जाता है। फिर करौं बाजार से होकर उसे आगे भेजा जाता है। रोजाना सैकड़ों की संख्या में बाइक और साइकिलों की आवाजाही से बाजार क्षेत्र में जाम और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इससे पहले भी कई बार कोयला लादे वाहनों ने राहगीरों को धक्का दे दिया है।
इस अवैध कारोबार से एक तरफ सरकार को लाखों के राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ कोयला तस्कर मालामाल हो रहे हैं।
सूत्रों की मानें तो स्थानीय पुलिस प्रशासन के सहयोग से यह धंधा लंबे समय से चल रहा है। मोटरसाइकिल में लोड कोयले से प्रति बाइक 50 रुपये की अवैध वसूली जानें की भी चर्चा है, जो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि अवैध कोयला कारोबार पर अविलंब रोक लगाई जाए और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की जाए, ताकि अवैध कारोबार पर रोक लगने के साथ-साथ आम लोगों के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।





