• पंचायत प्रतिनिधियों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
सारठ (देवघर) : 80वें स्वतंत्रता दिवस पर सारठ प्रखंड मुख्यालय में हुए ध्वजारोहण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि प्रखंड प्रमुख की मौजूदगी के बावजूद बीडीओ ने खुद तिरंगा फहराया।
इस मुद्दे को लेकर रविवार को सारठ डाकबंगला में संताल परगना प्रमंडल के पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रमंडल मुखिया संघ के अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ निवास मंडल ने की।
बैठक में प्रतिनिधियों ने कहा कि देवघर जिले के 10 प्रखंडों में से 9 प्रखंडों में प्रमुखों द्वारा ध्वजारोहण कराया गया, लेकिन सारठ में प्रखंड प्रमुख गौतम कुमार रवानी के मौजूद रहते हुए भी बीडीओ चंदन कुमार सिंह ने स्वयं ध्वजारोहण किया। इसे लोकतांत्रिक परंपराओं का उल्लंघन बताया गया।
प्रतिनिधियों का तर्क था कि अगर डीसी की वीडियो कॉन्फ्रेंस और पंचायतीराज विभाग के पत्र में बीडीओ को ही ध्वजारोहण का निर्देश था, तो फिर अन्य प्रखंडों में यह नियम क्यों नहीं माना गया?
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मुख्यमंत्री, पंचायतीराज मंत्री, मुख्य सचिव और जिला उपायुक्त को लिखित शिकायत भेजी जाएगी और सारठ बीडीओ पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की जाएगी। चेतावनी दी गई कि अगर सरकार ने गंभीरता से नहीं लिया तो पंचायत प्रतिनिधि सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे।
बैठक में जिला मुखिया संघ अध्यक्ष अनिल कुमार साह, प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष नंदकिशोर तूरी, सचिव इंद्रदेव सिंह, मुखिया सह कांग्रेस नेता उपेंद्र प्रसाद राय समेत दर्जनों मुखिया और पंचायत समिति सदस्य मौजूद थे।
इस संबंध में सारठ बीडीओ चंदन कुमार सिंह ने कहा कि 14 अगस्त की शाम डीसी की वीडियो कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट निर्देश था कि हर प्रखंड में बीडीओ ध्वजारोहण करेंगे। पंचायतीराज विभाग से ई-मेल के जरिए पत्र भी आया था। सभी प्रमुखों को इसकी जानकारी पहले ही दे दी गई थी। मामले को अनावश्यक तूल दिया जा रहा है।





.jpg)

