पैगंबर साहब के जन्मोत्सव पर सारठ अंचल में निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, बांटी गई मिठाइयां
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
सारठ (देवघर) : पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के यौमे पैदाइश के मौके पर बुधवार को सारठ अंचल के विभिन्न गांवों में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया।
सारठ मुस्लिम मोहल्ला सहित केचुआबांक, कपसा, पिंडारी, बरमसिया, बसहाटांड़, बारा, पकरिया, बगडबरा, कालीजोत, ठाढ़ी समेत कई मुस्लिम बहुल गांवों में बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं ने हाथों में बैनर, पोस्टर और झंडे लेकर जुलूस में शिरकत की। बैनरों पर पैगंबर साहब के अमन, भाईचारे और मानवता के संदेश लिखे थे।
इस दौरान हाजी और उलेमाओं ने कहा कि हजरत मोहम्मद (स.अ.व.) आखिरी पैगंबर थे, जिन्होंने दुनिया को इंसानियत का पैगाम दिया। जुलूस के दौरान जगह-जगह शरबत और मिठाइयों का वितरण किया गया। मदरसे के बच्चों, मौलवी और मौलानाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
शांतिपूर्ण आयोजन के लिए अंचलाधिकारी कृष्णचंद्र सिंह मुंडा, थाना प्रभारी दीपक कुमार साह के नेतृत्व में दंडाधिकारी और पुलिस जवान तैनात रहे। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया था।
कार्यक्रम में कादिर अंसारी, मो. मोजिम अंसारी, इमाम अब्दुस शकुर, मुखिया प्रतिनिधि अब्दुल मियां, कयूम अंसारी, अब्दुल गफ्फार अंसारी, इश्तियाक मिर्जा, बरजहां मिर्जा, टिंकू मिर्जा, सलमान खान, डॉ. गुलाम सहित कई लोग मौजूद रहे।


.jpg)



