BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

राष्ट्रीय खेल दिवस पर पालोजोरी के स्कूलों में खेलेगा भारत, जीतेगा भारत अभियान शुरू


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

पालोजोरी (देवघर) : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राष्ट्रव्यापी अभियान 'खेलेगा भारत, जीतेगा भारत' के तहत पालोजोरी प्रखंड के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में तीन दिवसीय खेलकूद गतिविधियों की शुरुआत हो गई है। इसका समापन 30 अगस्त को होगा।

अभियान के पहले दिन गुरुवार को प्रखंड के प्लस टू स्कूल सरसा, पीएम श्री प्लस टू दुबराजपुर, उत्क्रमित मिडिल स्कूल लोरियो, प्राथमिक विद्यालय कडरासल, मिडिल स्कूल पालोजोरी बालक सहित सभी विद्यालयों में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पहले दिन ऊर्जावान 29 चैलेंज, पुश अप, स्किपिंग, प्लैंक चैलेंज, पास द बॉल और स्पोर्ट्स बंधन का आयोजन हुआ। साथ ही 'खेल से स्वास्थ्य' विषय पर स्लोगन, नारा और निबंध प्रतियोगिता, योग, मास पीटी, मार्शल आर्ट, रस्साकशी और तीरंदाजी जैसे पारंपरिक खेलों का प्रदर्शन भी हुआ। सरसा में प्रधानाध्यापक सुरेश मंडल, लोरियो में प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश महाराज और दुबराजपुर में सिराजुद्दीन अंसारी के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुए।

दूसरे दिन 29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके जीवन पर चर्चा, खेल शपथ, मार्च पास्ट और 50, 100, 200 मीटर दौड़, बोरी दौड़, तीन टांग दौड़, चम्मच-गोली दौड़, कैरम, लूडो, कबड्डी, खो-खो, क्रिकेट, फुटबॉल, शतरंज, टेबल टेनिस, बैडमिंटन और वॉलीबॉल का आयोजन होगा। छात्र-शिक्षकों के बीच मैत्री मैच भी खेला जाएगा और बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा। अंतिम दिन 30 अगस्त को स्वास्थ्य केंद्रित साइकिल रैली निकाली जाएगी।

बीपीओ नारायण मंडल ने बताया कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारना, उन्हें शारीरिक रूप से फिट रखना और राज्य, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के लिए तैयार करना है।