मधुपुर नगर परिषद् चैयरमेन दरक्शा प्रवीण कोर्ट में हाजिर.
■ अगली सुनवाई 16 जुलाई को.
अमित कुमार
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो,
देवघर : मधुपुर नगर परिषद् की चैयरमेन 'दरक्शा प्रवीण' की कुर्सी पर संकट गहराता दिख रहा है।
चुनाव याचिका मामले में मधुपुर सिविल कोर्ट में शनिवार 04 जुलाई को सुनवाई हुई, जिसमें दरक्शा प्रवीण कोर्ट में अपने अधिवक्ता के माध्यम से हाजिर हुई। उन्होंने कोर्ट से जवाब देने के लिए 01 महीने की मोहलत मांगी।
न्यायालय ने 12 दिन का वक्त देते हुए मामले की अगली सुनवाई 16 जुलाई 2026 की तिथि तय की है।
ज्ञात हो कि मधुपुर नगर परिषद्- 2026 के चुनाव को लेकर दायर चुनाव याचिका केस संख्या-02/2026 में यह कार्रवाई हुई है।
याचिकाकर्ता मिति कुमारी, पति उत्तम कुमार की ओर से दायर की गई है। मिति कुमारी खुद मधुपुर नगर परिषद् से चैयरमेन प्रत्याशी रह चुकी हैं। उन्होंने वर्तमान चैयरमेन दरक्शा प्रवीण के खिलाफ झारखंड म्यूनिसिपल एक्ट-2011 के तहत याचिका दायर की है।
इस मामले की सुनवाई कर रहे सिविल कोर्ट, मधुपुर के अवर न्यायाधीश, सिनियर डिविजन-1 सह इलेक्शन ट्रिब्यूनल ने दरक्शा प्रवीण को नाजरात सिरिस्ता और निर्बंधित डाक से नोटिस भेजा था। लेकिन वे अदालत में उपस्थित नहीं हुई थीं।
इसके बाद कोर्ट ने गजट प्रकाशन के माध्यम से उन्हें 'अंतिम बार सूचित' किया। नोटिस में 04 जुलाई 2026 को सुबह 10 बजे सिविल कोर्ट, मधुपुर में स्वयं या वकील के माध्यम से हाजिर होकर आरोपों पर लिखित जवाब दाखिल करने का निर्देश था।
कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया था कि यदि तय तारीख और समय पर दरक्शा प्रवीण पेश नहीं होती हैं, तो उनके खिलाफ 'एकपक्षीय कार्रवाई' का आदेश पारित कर दिया जाएगा।
आज निर्धारित तिथि पर मधुपुर नगर परिषद् चैयरमेन 'दरक्शा प्रवीण' के कोर्ट में हाजिर होने के बाद मामले की सुनवाई आगे बढ़ी है।

.jpg)




