देवघर पुलिस की बड़ी कामयाबी, चोरी के मामले में बिहार के 02 शातिर चोर गिरफ्तार, 1.45 लाख नगद समेत जेवर-वर्तन बरामद.
■ एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य के आधार पर किया गिरफ्तार.
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : देवघर नगर थाना क्षेत्र में हुई चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर उद्भेदन कर दिया। देवघर एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्य के आधार पर बिहार के जमुई जिले के 02 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी गए जेवर और 1.45 लाख रुपये नगद भी बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उमेश तिवारी, उम्र 63 वर्ष, मोहल्ला पुरनदाहा ने 18 जुलाई को देवघर नगर थाना में आवेदन दिया था। उनके घर से अज्ञात चोरों ने जेवर और बर्तन चोरी कर लिए थे। आवेदन के आधार पर नगर थाना कांड संख्या 276/26, धारा 305(ए)/331(2) बीएनएस-2023 दर्ज किया गया था।
पुलिस ने छापेमारी कर राधो पासवान, उम्र 55 वर्ष, पिता स्व. श्रवण पासवान, सा. घरवासन, थाना चन्द्रमंडी, जिला जमुई (बिहार) और मुरारी पासवान, उम्र 42 वर्ष, पिता स्व. मिसरी पासवान, सा. जिमतपुर, थाना चन्द्रमंडी, जिला जमुई (बिहार) को गिरफ्तार किया।
दोनों के पास से चोरी का माल बरामद किया गया।
बरामदगी की सूची:-
- 04 चाँदी जैसा दिखने वाला चेन
- 02 चाँदी जैसा दिखने वाला मठिया
- 02 सोने जैसा दिखने वाला मंगलसूत्र और 01 मोंगटिका
- चाँदी जैसा दिखने वाला पान का पत्ता-05, ब्रासलेट-01, पायल-01 जोड़ा, सिक्का-05
- नगद 1,45,000 रुपये
- पीतल एवं काँसा का बर्तन
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार राघो पासवान के खिलाफ बोकारो, धनबाद और देवघर में डकैती, आर्म्स एक्ट समेत 07 मामले दर्ज हैं। वहीं मुरारी पासवान पर भी गिद्दी, चंद्रमंडी और देवघर में चोरी और आर्म्स एक्ट के 03 मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में नगर थाना प्रभारी पु.नि. रवि ठाकुर, रिखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार, कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार सहित 11 पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।
पुलिस आगे की पूछताछ में इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।





