देवघर में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर मंत्री हफ़ीजुल हसन ने किया ध्वजारोहण,
• विकास योजनाओं की गिनाईं उपलब्धियां, उत्कृष्ट लोगों को किया सम्मानित
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले का मुख्य समारोह के.के.एन. स्टेडियम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन ने राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया।
ध्वजारोहण के बाद मंत्री ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता आंदोलन के शहीदों और महापुरुषों को नमन किया। उन्होंने कहा कि झारखंड का गठन 15 नवंबर 2000 को किसानों, मजदूरों और आदिवासी समाज को मुख्यधारा में लाने के उद्देश्य से हुआ था। राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर मंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और समाजसेवियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
मंत्री ने अपने संबोधन में राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत देवघर जिले में हुई प्रगति की जानकारी दी:
- शिक्षा : 2025-26 में 379 इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य और 335 स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य की नियुक्ति। मैट्रिक परीक्षा परिणाम 95.28%। 6344 छात्रों को मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति, 2.81 लाख छात्रों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, 2.27 लाख को स्कूल बैग वितरित।
- कल्याण : 949 आदिवासी परिवारों को 678.82 एकड़ वन पट्टा। 12,521 छात्र-छात्राओं को पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के रूप में 13.41 करोड़। 14278 छात्रों को साइकिल। अल्पसंख्यक समुदाय के लिए 54 कब्रिस्तान घेराबंदी हेतु 3 करोड़ की स्वीकृति।
- स्वास्थ्य : 9263 लाभुकों को मुख्यमंत्री जननी शिशु योजना, 26066 आयुष्मान कार्ड, 172000 आभा कार्ड बने। श्रावणी मेला में 35 स्वास्थ्य शिविर लगाकर 111 डॉक्टर और 470 पैरामेडिकल कर्मी तैनात।
- सामाजिक सुरक्षा : मईया सम्मान योजना से 2.40 लाख महिलाओं को 2500 रुपये प्रतिमाह। 2.43 लाख पेंशनधारियों को 1000 रुपये प्रतिमाह।
- आजीविका : JSLPS के तहत 12,415 सखी मंडलों का गठन। 1.29 लाख महिलाएं जुड़ीं। 1189.81 लाख का बैंक लिंकेज। फूलो-झानो योजना से 961 महिलाओं को ब्याजमुक्त ऋण।
- आवास : अबुआ आवास योजना में 35,236 आवास स्वीकृत। PMAY ग्रामीण में 19,705 लाभुकों को आवास।
- सिंचाई : 1851.68 करोड़ की पुनासी जलाशय योजना पर 784 करोड़ व्यय। 24,292 हेक्टेयर में सिंचाई सुविधा मिलेगी।
- अन्य : मनरेगा में 712 योजनाएं पूर्ण। खनन में अवैध ढुलाई पर 58 वाहन जब्त, 30.30 लाख जुर्माना।
कार्यक्रम में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार सहित सभी विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।




.jpg)

