श्रावणी मेला के 28वें दिन बासुकीनाथ धाम में 79 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक,
• मंदिर को 11.60 लाख की आय
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
दुमका : राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव के 28वें दिन बुधवार को बाबा बासुकीनाथ धाम में 79 हजार कांवरियों ने बाबा बासुकीनाथ ज्योतिर्लिंग पर पवित्र गंगाजल से जलाभिषेक किया।
श्रावण शुक्ल त्रयोदशी उपरांत चतुर्दशी तिथि पर पूर्वोत्तर राज्यों सहित विभिन्न प्रांतों से श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। असम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड सहित नेपाल के कांवरियों की अच्छी-खासी उपस्थिति रही। फौजदारी बाबा के दरबार में कांवरियों की भीड़ से पूरा मेला परिसर केसरिया मय नजर आया और मंदिर परिसर में अनवरत बोल-बम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मंदिर कार्यालय के अनुसार बुधवार को तड़के करीब 2 बजे मंदिर के कपाट खुले, सफाई के बाद प्रभातकालीन पूजा और कांचा जल पूजा के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए गर्भगृह खोल दिया गया। ब्रह्ममुहूर्त से ही जलार्पण शुरू हो गया। संध्या 5 बजे विश्राम पूजा के बाद एक घंटे के विश्राम के उपरांत शाम 6:30 बजे से फिर जलार्पण शुरू हुआ, जो रात्रिकालीन श्रृंगार पूजा तक चलता रहा। बुधवार को कुल 78,986 से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक व पूजा-अर्चना की।
*मंदिर को 11.60 लाख की आय*
मंदिर कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1850 शीघ्रदर्शनम कूपन से 9,25,000 रुपये, दानपेटी से 2,03,270 रुपये, गोलक से 29,520 रुपये तथा अन्य स्रोत से 2,622 रुपये प्राप्त हुए। इस प्रकार 28वें दिन मंदिर कोष को कुल 11,60,412 रुपये की आमदनी हुई।


.jpg)



