BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

बाबाधाम में सावन की तीसरी सोमवारी, 3.5 लाख से अधिक शिवभक्तों ने किया जलार्पण,


• 07 किमी तक लगी कतार.

रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : राजकीय श्रावणी मेला 2026 की सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा नगरी पूरी तरह शिवमय हो गई। भोर से ही देश के कोने-कोने से आए शिवभक्तों का सैलाब बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ पड़ा। 

जिला प्रशासन के अनुसार सोमवारी को सुबह 4 बजकर 15 मिनट पर मंदिर के पट खुलते ही सरकारी पूजा के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए जलार्पण शुरू कर दिया गया।

जिला प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक तीसरी सोमवारी को करीब साढ़े 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा को गंगाजल अर्पित किया। सुल्तानगंज से 109 KM की कांवरिया यात्रा कर लाए पवित्र जल से भक्तों ने "बोल बम" के जयकारे के साथ अर्घा में जलार्पण किया।

श्रद्धालुओं की भीड़ का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जलार्पण के लिए लगी कतार करीब 7 किलोमीटर दूर चमारीडीह तक पहुंच गई थी। बीएड कॉलेज, नंदन पहाड़ और कुमुदिनी घोष रोड होते हुए कतार घंटों तक निरंतर आगे बढ़ती रही। केसरिया वस्त्रों में सजेe कांवरियों के जयघोष से पूरा रूट गूंजता रहा।

तीसरी सोमवारी को लेकर प्रशासन पहले से अलर्ट था। डीसी सौरभ कुमार भुवानियां के निर्देश पर जगह-जगह पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य शिविर, सूचना केंद्र और मातृत्व विश्राम गृह क्रियाशील रखे गए। यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग और टोटो एम्बुलेंस को अलर्ट मोड पर रखा गया था। जगह-जगह दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात रहे।

मंदिर प्रशासन और स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद, फल और ठंडे पानी की व्यवस्था की।

बाबा के जयकारे और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच तीसरी सोमवारी शांतिपूर्वक संपन्न हुई। प्रशासन को उम्मीद है कि अगली सोमवारी पर भी इसी तरह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी।