जसीडीह स्टेशन के पास खाद्य प्रतिष्ठानों पर डीसी के निर्देश पर छापा, 35 किलो मिलावटी पनीर नष्ट
■ शांति कृष्ण दरबार और अमन एजेंसी में स्टार्च मिला पनीर जब्त, सप्लायर के खिलाफ कार्रवाई शुरू.
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां के निर्देश पर जसीडीह रेलवे स्टेशन के आसपास के खाद्य प्रतिष्ठानों में औचक छापेमारी की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इस दौरान लगभग 35 किलोग्राम मिलावटी पनीर जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराया।
छापेमारी के दौरान शांति कृष्ण दरबार में बेचे जा रहे पनीर पर संदेह होने पर टीम ने 'ऑन द स्पॉट' जांच की। जांच में पनीर में भारी मात्रा में स्टार्च की पुष्टि हुई।
तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम ने करीब 25 किलो मिलावटी पनीर को नष्ट करवा दिया। पूछताछ में दुकानदार ने स्वीकार किया कि वह यह पनीर रेलवे के माध्यम से मंगवाता है। उसने बताया कि सप्लाई बिहार के लक्खीसराय जिले के बड़हिया निवासी राजदेव यादव नामक व्यापारी द्वारा की जाती है।
इसके बाद टीम ने अमन एजेंसी में भी जांच की। यहां भी पनीर गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरा। यहां से 08 से 10 किलो मिलावटी पनीर जब्त कर नष्ट किया गया।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने दोनों दुकानदारों को सख़्त चेतावनी दी और कहा कि आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सप्लायर राजदेव यादव और दोनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।आने वाले दिनों में जिले भर में इस तरह का सघन जांच अभियान जारी रहेगा।
डीसी संदीप भुवानियां ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मेला और त्योहार के मद्देनजर बाजारों में नियमित जांच की जाए ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ मिल सके।





