गोड्डा में पीएम पोषण योजना की समीक्षा बैठक, डीसी ने दी सख़्त चेतावनी - लापरवाही पर होगी FIR
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में पीएम पोषण स्टेयरिंग/मॉनिटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, नियमितता और स्वच्छता को लेकर प्रखंडवार समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान पथरगामा में 59.77%, पोड़ैयाहाट में 59.66%, सुंदरपहाड़ी में 56.38% और ठाकुरगंगटी में 58.98% प्रगति पाई गई, जिस पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देश दिए।
बैठक में बसंतराय, बोआरीजोर, सुंदरपहाड़ी और गोड्डा प्रखंड के 12 चिन्हित विद्यालयों की विशेष समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति कम है, वहां स्थल निरीक्षण कर वास्तविकता का सत्यापन किया जाए।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि पीएम पोषण जैसी महत्वपूर्ण योजना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार को निर्देश दिया कि लापरवाही बरतने वाले विद्यालयों के एसएमसी सदस्यों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाए। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित बीआरपी और सीआरपी पर भी FIR की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, खाद्यान्न भंडारण, रसोई की साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में उप विकास आयुक्त विश्पुते श्रीकांत यशवंत, नगर परिषद अध्यक्ष सुशील रमानी, महागामा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रबोध सोरेन, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू सहित सभी बीईओ और बीपीओ उपस्थित थे।






