BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

बारिश में स्कूल का रास्ता बना आफत, पानी से होकर पहुंच रहे बच्चे


नामुदाग मध्य विद्यालय तक सड़क नहीं होने से बढ़ी परेशानी, तीन साल से निर्माण की मांग लंबित

नौडीहा बाजार : राजकीय मध्य विद्यालय, नामुदाग में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य सड़क से विद्यालय भवन तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में मुख्य सड़क और विद्यालय के बीच का रास्ता जलमग्न हो जाता है। ऐसे में बच्चों को पानी से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है। शुक्रवार को भी कई बच्चे पानी में भीगते हुए स्कूल पहुंचे। कुछ बच्चे फिसलकर गिर गए, जिससे उनकी कॉपी-किताबें और कपड़े भीग गए। वहीं, पानी अधिक होने के कारण कुछ बच्चे विद्यालय नहीं पहुंच सके और उन्हें वापस घर लौटना पड़ा।

बच्चों ने बताया कि रास्ते में पानी भरा रहने के कारण स्कूल आने-जाने में डर लगता है। कई बार कपड़े और किताबें भीग जाती हैं। बच्चों ने परेशानी को बयां करते हुए कहा कि यह रास्ता सड़क कम और स्विमिंग पूल अधिक नजर आता है। हालांकि, जलजमाव के कारण छोटे बच्चों के फिसलने, चोटिल होने और गहरे पानी में गिरने का खतरा बना हुआ है।

विद्यालय में करीब 400 से अधिक छात्र-छात्राओं का नामांकन है। ग्रामीणों और बच्चों ने मुख्य सड़क से विद्यालय भवन तक पक्की सड़क का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दिनों में आवागमन सुगम हो और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

बीआरसी कर्मियों को भी हो रही परेशानी

विद्यालय के समीप ही बीआरसी भवन स्थित है। रास्ते में पानी जमा रहने के कारण बीआरसी कर्मियों को भी कार्यालय पहुंचने में परेशानी हो रही है। एमडीएम ऑपरेटर शशि रंजन कुमार और सीआरपी अनवर हुसैन भी जलजमाव के कारण बीआरसी भवन के बजाय खुले आसमान के नीचे आम के पेड़ के नीचे बैठकर विभागीय कार्य करते नजर आए।

तीन साल से सड़क निर्माण की मांग

ग्रामीणों के अनुसार, नामुदाग मध्य विद्यालय तक सड़क निर्माण की मांग पिछले करीब तीन वर्षों से की जा रही है। पंचायत मुखिया और प्रखंड प्रमुख की ओर से भी सड़क निर्माण के लिए प्रयास किए गए, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। बताया जाता है कि मुख्य सड़क से विद्यालय तक जाने वाली जमीन का कुछ हिस्सा रैयती है। जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण सड़क निर्माण का मामला अटका हुआ है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सोरहर-मोरहर नदी के समीप गैरमजरुआ जमीन उपलब्ध है। यदि इस मार्ग से सड़क के साथ पुल का निर्माण कराया जाए तो नामुदाग मध्य विद्यालय को मुख्य पथ से जोड़ा जा सकता है। ग्रामीणों ने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए स्थानीय विधायक और पलामू उपायुक्त के स्तर से पहल आवश्यक है।

ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द सड़क एवं पुल निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दिनों में भी छात्र-छात्राएं सुरक्षित तरीके से विद्यालय पहुंच सकें।