मधुपुर में स्कूलों और चौक-चौराहों के पास बनें स्पीड ब्रेकर, नप उपाध्यक्ष ने मंत्री को सौंपा ज्ञापन
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
मधुपुर बाजार (देवघर) : शहर में बढ़ते ट्रैफिक और तेज रफ्तार वाहनों के कारण हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नगर परिषद उपाध्यक्ष ऋषभ भारद्वाज ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री हफीजुल हसन को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उन्होंने प्रमुख चौक-चौराहों और सभी विद्यालयों के समीप स्पीड ब्रेकर और रंबल स्ट्रिप बनाए जाने की मांग की है।
उपाध्यक्ष ने कहा कि स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक काफी चिंतित हैं। मधुपुर शहर के प्रमुख चौराहों और महत्वपूर्ण विद्यालयों के पास जरूरत के अनुसार स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं, ताकि वाहनों की गति नियंत्रित हो सके।
उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से न सिर्फ सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि आम नागरिकों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
ऋषभ भारद्वाज ने मंत्री से जनहित और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया।
मंत्री हफ़ीजुल हसन ने ज्ञापन पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।




.jpg)

