डीसी ने ग्रामीण क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन और ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश.
■ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करना बेहद जरूरी: डीसी.
■ डीसी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से की समीक्षा बैठक.
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
अमित कुमार
देवघर : ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और ठोस व तरल अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां ने गुरुवार 02 जुलाई को सख़्त निर्देश दिए हैं।
डीसी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी प्रखंडों और ग्राम पंचायतों में चल रहे स्वच्छता कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में कचरा प्रबंधना योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्यों में तेजी लाने का कड़ा निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन व्यवस्था लागू करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा,"जब तक कचरा प्रबंधन में आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित नहीं होगी, तब तक गांवों को पूरी तरह स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता।"
उन्होंने अधिकारियों को पंचायत स्तर पर 'ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026' के संबंध में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने को कहा, ताकि ग्रामीण घरों से निकलने वाले कचरे का सही वर्गीकरण कर सकें।
डीसी ने सभी संबंधित अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय से काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड मॉनिटरिंग करने को भी कहा।
बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, जिला योजना पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, सिटी मैनेजर सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं डवलपमेंट पार्टनर्स वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़े थे।





