BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

संस्कृति महोत्सव सह प्रश्नमंच प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर के छात्रों ने दिखाया हुनर


श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)।स्थानीय सरस्वती विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने लातेहार के सरस्वती विद्या मंदिर धर्मपुर पथ में आयोजित विभाग स्तरीय संस्कृति महोत्सव सह प्रश्नमंच प्रतियोगिता में विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं शील्ड हासिल किए।

प्रतियोगिता में मूर्तिकला में विद्यालय के भैया गौरव गुलाब ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं संस्कृत प्रश्नमंच के शिशु वर्ग में तृतीय तथा बाल वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। संस्कृति ज्ञान प्रश्नमंच में किशोर वर्ग ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

इसी तरह संगणक प्रश्नमंच के शिशु एवं किशोर वर्ग में विद्यालय के प्रतिभागियों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंग्रेजी प्रश्नमंच के शिशु वर्ग में भी विद्यार्थियों ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं आचार्य पत्रवाचन प्रतियोगिता में विद्यालय के आचार्य अशोक कुमार ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया।

प्रतियोगिताओं से बढ़ता है आत्मविश्वास : रविकांत पाठक

इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रविकांत पाठक ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक प्रतियोगिता विद्यार्थियों को कुछ नया सीखने का अवसर देती है। मानव जीवन पर्यंत सीखता रहता है और ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, धैर्य एवं ज्ञान की वृद्धि होती है।

उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सभी को प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा को निखारना चाहिए। अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। विद्यालय परिवार ने सफल विद्यार्थियों एवं आचार्य को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।