बंद कमरे में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, प्रेम प्रसंग में प्रताड़ना का आरोप
राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
बेंगाबाद थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव में मंगलवार की देर रात एक 20 वर्षीय युवती की बंद कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान मधु कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों ने गांव के ही एक शादीशुदा युवक पर प्रेम प्रसंग के दौरान प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने मामले को प्रथमदृष्टया संदिग्ध मानते हुए विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलने पर बेंगाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बुधवार को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, परिजनों ने बताया कि युवती ने कमरे की खिड़की में लगे पर्दे के रॉड से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाई थी। परिजन उसे फंदे से नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इधर, मृतका के परिजनों ने बेंगाबाद थाना में लिखित आवेदन देकर गांव के ही एक शादीशुदा युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदन के अनुसार, मधु का उक्त युवक के साथ करीब दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि युवक ने अपनी पत्नी को तलाक देकर मधु से शादी करने का भरोसा दिलाया और इसी बहाने उसका लगातार यौन शोषण करता रहा। आरोप है कि युवक ने युवती का अश्लील वीडियो भी बनाया था और उसे वायरल करने की धमकी देकर प्रताड़ित करता था। परिजनों के मुताबिक करीब छह माह पूर्व उन्हें मामले की जानकारी मिली थी। इसके बाद मई माह में गांव में पंचायत भी हुई थी, जहां युवक और उसके परिजनों ने गलती स्वीकार करते हुए दोबारा ऐसी घटना नहीं होने का आश्वासन दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। परिजनों ने बताया कि घटना की रात भी युवक और मधु के बीच मोबाइल पर बातचीत हुई थी। बाद में परिजनों को व्हॉट्सऐप के माध्यम से युवती की तस्वीर भेजी गई, जिसके बाद कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से लटका पाया गया। इस संबंध में एसआई जगन्नाथ पान ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।






