BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

आदित्यपुर: पहले ही प्रयास में मदन मोहन पब्लिक स्कूल को मिली सीबीएसई से मान्यता


इसी वर्ष अस्तित्व में आए विद्यालय ने पूरी की मान्यता की प्रक्रिया. नर्सरी से प्लस टू तक पढ़ाई की व्यवस्था, दसवीं तक की मिली मान्यता, चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने टीम को दिया उपलब्धि का श्रेय

आदित्यपुर: मदन मोहन नगर स्थित मदन मोहन पब्लिक स्कूल ने स्थापना के पहले ही वर्ष में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. विद्यालय को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से दसवीं तक पढ़ाई की मान्यता मिल गई है. स्कूल प्रबंधन के अनुसार आवश्यक प्रक्रियाओं और मानकों को पूरा करते हुए सीबीएसई से मान्यता के लिए आवेदन किया गया था और विद्यालय को पहले ही प्रयास में सफलता मिली. वैसे यहां +2 तक की व्यवस्था की गई है. जल्द ही प्लस टू की मान्यता के लिए अप्लाई किया जाएगा.

उल्लेखनीय है कि विद्यालय इसी वर्ष अस्तित्व में आया है. यहां नर्सरी से लेकर प्लस टू तक की पढ़ाई की व्यवस्था की गई है. प्रबंधन का कहना है कि विद्यालय की स्थापना का मूल उद्देश्य बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है. सितवांतो देवी महिला कल्याण समिति द्वारा संचालित स्कूली एवं उच्च व तकनीकी शिक्षण संस्थाओं में अब एक नया अध्याय मदन मोहन पब्लिक स्कूल का जुड़ गया है. इससे पूर्व इस समूह का नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल, नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी, नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज अस्पताल- बिहटा (पटना) नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज अस्पताल- आदित्यपुर (सरायकेला- खरसावां) में संचालित हो रहा है. अब मदन मोहन पब्लिक स्कूल के बाद एक मेडिकल कॉलेज अस्पताल की आधारशिला रांची में रखी जा चुकी है. अगले साल से अस्पताल ऑपरेशनल मोड में आ जाएगा.

*चेयरमैन ने पूरी टीम को दिया श्रेय*

विद्यालय के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने सीबीएसई से मान्यता मिलने पर प्रसन्नता जताते हुए इसका श्रेय विद्यालय की पूरी टीम को दिया. उन्होंने कहा कि कम समय में मान्यता की सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करना सामूहिक प्रयास का परिणाम है. शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और प्रबंधन ने इसके लिए लगातार काम किया.

उन्होंने कहा कि “हमारा उद्देश्य केवल विद्यालय का संचालन करना नहीं, बल्कि बच्चों को ऐसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, जो उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार कर सके.”

*आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की शिक्षा पर भी रहेगा जोर*

मदन मोहन सिंह ने कहा कि विद्यालय आसपास के क्षेत्रों के बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर विकल्प बने, इस दिशा में लगातार प्रयास किया जाएगा. विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा से जोड़ने पर विद्यालय प्रबंधन का जोर रहेगा. उन्होंने कहा कि संसाधनों के अभाव में किसी प्रतिभाशाली बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए विद्यालय अपनी क्षमता के अनुरूप सहयोग की व्यवस्था विकसित करेगा. आने वाले समय में शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ अनुशासन, खेलकूद और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा.