रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: धरियाडीह स्थित ओपेन माइंड वर्ल्ड स्कूल में सोमवार को इंटर हाउस गर्ल्स खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और रोमांच के बीच किया गया। प्रतियोगिता में एमेरल्ड, सफायर, गार्नेट और टोपाज हाउस की छात्राओं ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। मैदान में छात्राओं के शानदार प्रदर्शन और दमदार टीम समन्वय ने मुकाबले को रोमांचक बना दिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय की प्राचार्य चंद्रमल्लिका घोष चौधुरी ने फीता काटकर किया। इसके बाद विभिन्न हाउस की टीमों के बीच मुकाबले शुरू हुए। छात्राओं ने बेहतरीन फुटवर्क, त्वरित निर्णय क्षमता और शानदार रणनीति का प्रदर्शन करते हुए खेल भावना का परिचय दिया। कड़े मुकाबले के बाद गार्नेट हाउस ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि एमेरल्ड हाउस उपविजेता और टोपाज हाउस द्वितीय उपविजेता रहा।प्रतियोगिता के समापन पर प्राचार्य ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खो-खो जैसे पारंपरिक भारतीय खेल बच्चों में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, अनुशासन, टीम भावना, शारीरिक सक्रियता और आपसी समन्वय विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। प्राचार्य ने प्रतियोगिता की सफलता के लिए कोच कर्मवीर पांडेय, ऋतिक कुमार एवं श्रुति के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षकों की मेहनत और छात्राओं की लगन के कारण प्रतियोगिता सफल रही। वहीं कोच कर्मवीर पांडेय ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल को हमेशा खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। मैदान में जीत किसी एक टीम को मिलती है, लेकिन प्रत्येक खिलाड़ी अपने साथ कोई न कोई सीख लेकर जाता है। उन्होंने छात्राओं को भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। मौके पर एकेडेमिक हेड मोहम्मद शहरयार, बरनाली पॉल, विनय राय सहित कोच कर्मवीर पांडेय, ऋतिक कुमार एवं श्रुति मौजूद रहे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।







