गोस्वामी कल्याण फाउंडेशन का 33वां स्थापना दिवस समारोह संपन्न
उदय भारती बने नए जिलाध्यक्ष, समाज के कल्याण के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प
तरहसी (पलामू)। गोस्वामी कल्याण फाउंडेशन भारत का 33वां स्थापना दिवस समारोह तरहसी प्रखंड के ग्राम श्री केदाल स्थित बाबा श्री केदारनाथ शिव मंदिर प्रांगण में आयोजित किया गया। समारोह के दौरान संगठन की बैठक में सर्वसम्मति से उदय भारती को नया जिलाध्यक्ष चुना गया।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष उदय भारती ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग और व्यक्ति को पूरा सम्मान दिया जाएगा। संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।
समारोह में उपस्थित वरिष्ठजनों, युवाओं एवं ग्रामीणों ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि गोस्वामी कल्याण फाउंडेशन का उद्देश्य समाज में व्याप्त सामाजिक कुरीतियों को दूर करना, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में सहयोग उपलब्ध कराना, रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना तथा जरूरतमंद और वंचित लोगों की सहायता करना है।
बैठक के दौरान संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों ने संस्था के उद्देश्यों, सामाजिक गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। उपस्थित सदस्यों ने समाज को एकजुट करने तथा सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
समारोह में बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, सदस्य, वरिष्ठजन, युवा एवं ग्रामीण मौजूद रहे।





