जयराम महतो के 6 अक्टूबर को हुसैनाबाद आगमन की तैयारी तेज, JLKM नेताओं ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण
हुसैनाबाद। झारखंड लोकतांत्रिक मोर्चा (JLKM) के नेता जयराम महतो के 6 अक्टूबर को हुसैनाबाद प्रखंड के गम्हरिया में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को लेकर JLKM नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तैयारियों का जायजा लेते हुए कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
इसी क्रम में JLKM के प्रमंडलीय प्रवक्ता आशुतोष कुमार तिवारी, प्रमंडलीय महासचिव नितेश कुमार तिवारी एवं अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष शहबाज अहमद ने गम्हरिया स्कूल के समीप प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान नेताओं ने मंच निर्माण, लोगों के बैठने की व्यवस्था, आवागमन, पार्किंग और सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा तैयारियों की समीक्षा की।
प्रमंडलीय प्रवक्ता आशुतोष कुमार तिवारी ने कहा कि 6 अक्टूबर को जयराम महतो का हुसैनाबाद आगमन पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। उनके विचारों और संघर्ष को सुनने के लिए बड़ी संख्या में युवा, किसान, मजदूर और आम नागरिकों के पहुंचने की उम्मीद है। कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी के साथ जुटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि गम्हरिया की धरती से जनता के सवालों, युवाओं के रोजगार, शिक्षा, स्थानीय अधिकार और झारखंड के विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी स्तरों पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
JLKM कार्यकर्ताओं ने आम जनता और युवाओं से 6 अक्टूबर को अधिक से अधिक संख्या में गम्हरिया पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।





