मुरुबंदा में भीषण सड़क हादसा, कार सवार एक व्यक्ति की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। रामगढ़-बोकारो राजमार्ग संख्या-23 पर चितरपुर प्रखंड के मुरुबंदा के समीप शनिवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, आर्टिगा कार संख्या बीआर01एचएन-2495 में सवार बिहार के चार-पांच लोग रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मुरुबंदा के समीप सड़क के बीचों-बीच खड़े खराब पिकअप वाहन से आर्टिगा कार की जोरदार टक्कर हो गई। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर रामगढ़ से गोला की ओर जा रही बस संख्या जेएच01जीएल-9440 से जा भिड़ गई। दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि आर्टिगा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए। हादसे में बिहार के पटना के फतुहा निवासी प्रसेनजीत कुमार की मौत हो गई। वहीं पटना निवासी छोटू राम (32), नितेश कुमार (31) और विक्की कुमार (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने प्रसेनजीत कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया।






