शिक्षकों को एमएसीपी का लाभ नहीं मिला तो 6 सितंबर को होगा मुख्यमंत्री आवास कूच : झारोटेफ
रांची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
झारखंड ऑफिसर्स, टीचर्स एंड एम्प्लाइज फेडरेशन (झारोटेफ) की बेंगाबाद प्रखंड इकाई ने शिक्षकों को एमएसीपी (संशोधित सुनिश्चित कैरियर प्रगति) योजना का लाभ दिलाने के लिए आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। मंगलवार को प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय में आयोजित प्रखंड स्तरीय बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान तेज करने तथा शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति तय की गई। बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि सरकार शिक्षकों को एमएसीपी का लाभ देने का निर्णय नहीं लेती है तो आगामी 6 सितंबर को राज्यभर के शिक्षक रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास कूच करेंगे।
बैठक में प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्देशानुसार संगठन सशक्तिकरण और सदस्यता अभियान को गति देने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही सत्ताधारी दल के प्रखंड अध्यक्ष के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम एमएसीपी योजना के समर्थन में ज्ञापन भेजने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर झारोटेफ की बेंगाबाद प्रखंड महिला मोर्चा का गठन भी किया गया। सर्वसम्मति से माधुरी कुजूर को महिला मोर्चा की अध्यक्ष तथा रूबी कुमारी को सचिव चुना गया। मुख्य अतिथि प्रांतीय उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि सरकार के अन्य सभी कर्मचारियों को एमएसीपी योजना का लाभ मिल रहा है, लेकिन शिक्षक अब भी इससे वंचित हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो 6 सितंबर को शिक्षक मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर अपने अधिकार की मांग करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस प्रकार राज्य सरकार ने पुरानी पेंशन योजना लागू की, उसी प्रकार शिक्षकों को भी एमएसीपी का लाभ अवश्य मिलेगा। विशिष्ट अतिथि एवं जोनल सचिव इम्तियाज अहमद ने कहा कि हेमंत सरकार ने शिक्षकों के हित में कई योजनाएं लागू की हैं और उन्हें उम्मीद है कि सरकार एमएसीपी की मांग पर भी सकारात्मक निर्णय लेगी। जिला अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण महथा ने सभी शिक्षक संगठनों से झारोटेफ के बैनर तले एकजुट होकर शिक्षकों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने का आह्वान किया। बैठक में प्रखंड अध्यक्ष बसंत वर्मा, सचिव राज नारायण वर्मा, आशीष सुमन, आदित्य कुमार झा, अजय कुमार पांडेय, अरविंद मुर्मू, रफीक अहमद, सुरेश कुमार रजक, राजीव कुमार तिवारी, प्रेम कुमार, उमेश कुमार, अशोक रजक, राजेश कुमार केशरी, जफरुल हक, तबस्सुम जहां सहित प्रखंड के सैकड़ों शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
फोटो।





