सावन पूर्णिमा पर गिरिडीह में भारी वाहनों की नो-एंट्री, शाम 6 बजे से सुबह 5 बजे तक रहेगा प्रतिबंध
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: सावन पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए गिरिडीह शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की तैयारी की गई है। यातायात थाना गिरिडीह के प्रभारी ने अनुमंडल पदाधिकारी से 27 अगस्त की शाम 6 बजे से 28 अगस्त की सुबह 5 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित करने के लिए आदेश जारी करने का अनुरोध किया है।यातायात थाना प्रभारी द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया है कि सावन पूर्णिमा के अवसर पर गिरिडीह एवं आसपास के जिलों से हजारों श्रद्धालु रात में बराकर नदी से जल उठाकर पैदल पपरवाटांड़, बड़ा चौक, बरवाडीह और अजीडीह होते हुए दुखिया महादेव मंदिर पहुंचेंगे और जलार्पण करेंगे। श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए शहर में भारी वाहनों का आवागमन जारी रहने से किसी बड़ी अप्रिय घटना की आशंका जताई गई है। इसी कारण यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु रखने के लिए भारी वाहनों को शहर के अंदर प्रवेश से रोकने की मांग की गई है।
27 अगस्त की शाम 6 बजे से 28 अगस्त की सुबह 5 बजे तक रहेगा प्रतिबंध
पत्र में अनुमंडल पदाधिकारी से अनुरोध किया गया है कि उक्त अवधि के दौरान गिरिडीह शहर के अंदर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने संबंधी आदेश निर्गत किया जाए। इससे सावन पूर्णिमा की रात जल लेकर पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी






