ईद मिलादुन्नबी को लेकर बेंगाबाद में पुलिस का फ्लैग मार्च, असामाजिक तत्वों को दी सख्त चेतावनी
रांची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
ईद मिलादुन्नबी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को बेंगाबाद थाना पुलिस ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने पैदल मार्च कर लोगों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया। साथ ही असामाजिक तत्वों को स्पष्ट चेतावनी दी कि पर्व के दौरान शांति भंग करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाना परिसर से शुरू हुआ फ्लैग मार्च बेंगाबाद बाजार सहित चपुआडीह, डाकबंगला, कर्णपुरा, छोटकी खरगडीहा चौक एवं थाना क्षेत्र के अन्य प्रमुख स्थानों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस ने आम लोगों से ईद मिलादुन्नबी का त्योहार आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। पुलिस पदाधिकारियों ने कहा कि मुहम्मदी जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। जुलूस के मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, उपद्रव करने अथवा सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। फ्लैग मार्च में पुलिस इंस्पेक्टर बमबम सिंह, थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह, एसआई जगन्नाथ पान, रणधीर सिंह, सीआई श्वेताभ रंजन, एएसआई अशोक कुमार, बुद्धेश्वर सरदार, सुनील तिर्की सहित पुलिस जवान एवं चौकीदार शामिल थे।



.jpg)


