रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह : मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की गिरिडीह जिला कमेटी ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। राजद कार्यकर्ताओं ने झंडा मैदान से पैदल मार्च निकालकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लिए कार्यकर्ता टावर चौक पहुंचे, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “लोकतंत्र की हत्या करने वाले ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार करो”, “संविधान के साथ छेड़छाड़ बंद करो”, “मुख्य चुनाव आयुक्त पर मुकदमा दर्ज करो” और “मोदी के इशारे पर काम करने वाला चुनाव आयोग होश में आओ” जैसे नारे लगाए। मतदाता के अधिकारों से समझौता नहीं’ राजद जिलाध्यक्ष मोहम्मद इरफान आलम ने कहा कि मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर लगातार उठ रहे सवाल लोकतंत्र के लिए गंभीर विषय हैं। चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था के प्रति जनता का विश्वास कायम रहना जरूरी है। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि चुनाव सिर्फ सरकार बनाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनता के मत और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। मतदाता सूची में नाम हटाए जाने या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को लेकर उठ रहे सवालों का संबंधित संस्थाओं को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
इरफान आलम ने कहा कि राजद लोकतंत्र, संविधान और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ व्यक्तिगत लड़ाई नहीं, बल्कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े सवालों को उठाने का लोकतांत्रिक प्रयास है। युवाओं से लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का आह्वान युवा राजद जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए आवाज उठाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश के युवा निष्पक्ष चुनाव और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर जागरूक हो रहे हैं।
प्रदेश सचिव गयासुद्दीन अंसारी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि पारदर्शिता और निष्पक्षता लोकतंत्र की बुनियाद है। जिला महासचिव बलदेव नायक ने कहा कि मतदाताओं के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदेश महासचिव शत्रुघ्न यादव ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर जनता के मन में उठ रहे सवालों का जवाब मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है।प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष दशरथ यादव, जिला सचिव कामरान वारिस अंसारी, महासचिव रामेश्वर प्रसाद यादव, युवा जिला कोषाध्यक्ष राजेश यादव, युवा जिला सचिव किसुन यादव, जिला सचिव नेक वारिश, सदानंद तुरी, सुरेंद्र यादव, रवि यादव, शिवम कुमार, तेजस, कमल हसन, अरबाज, अरमान, अरशद, तौसीफ, इमरान, तनवीर, इरफान, सागर कुमार और सुरेश यादव सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता मौजूद थे।







