सोशल मीडिया पर ड्रग सप्लायर बताने का आरोप, वीडियो की सत्यता की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
घाटशिला, 2 जुलाई। गुरुवार शाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक महिला के नाम से संचालित कथित अकाउंट से जारी एक वीडियो को लेकर घाटशिला में राजनीतिक हलचल तेज हो गई। वीडियो में झामुमो नेता एवं गोपालपुर निवासी सौरभ बोस को कथित रूप से "ब्राउन शुगर सप्लायर" बताया गया। साथ ही एक मोबाइल नंबर भी साझा करते हुए उसे सौरभ बोस का नंबर बताया गया तथा उनके गांव को बहरागोड़ा बताया गया।
सौरभ बोस ने वीडियो को पूरी तरह AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक से तैयार किया गया फर्जी और भ्रामक वीडियो बताते हुए इसका कड़ा विरोध किया। इसके विरोध में वे झामुमो के दर्जनों पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ घाटशिला थाना पहुंचे और थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
अपने शिकायत पत्र में सौरभ बोस ने आरोप लगाया कि उनके विरुद्ध सुनियोजित षड्यंत्र रचा जा रहा है ताकि उनकी सामाजिक एवं राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि वायरल वीडियो की सत्यता की वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच कराई जाए तथा इसके पीछे शामिल मास्टरमाइंड की पहचान कर उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।
सौरभ बोस ने यह भी कहा कि यदि वीडियो जारी करने वाले व्यक्ति के पास लगाए गए आरोपों के समर्थन में कोई ठोस प्रमाण है तो उसे सार्वजनिक किया जाए। अन्यथा सार्वजनिक रूप से माफी मांगी जाए। ऐसा नहीं होने पर वे इस पूरे मामले में न्यायालय की शरण लेते हुए कानूनी कार्रवाई करेंगे।
इस अवसर पर जिला सह सचिव मो. जलील, प्रखंड उपाध्यक्ष हीरा सिंह, प्रखंड सह सचिव रिंकू सिंह, मीडिया प्रभारी सोमेन मिश्रा, सागर पानी, राजा सिंह, गुड्डू, शेख शाहिद, रहमत अंसारी, पप्पू सिंह, अंबुज कुमार सहित झामुमो के दर्जनों कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।





