औद्योगिक प्रदूषण झेल रहे स्थानीय युवाओं को रोजगार में मिले प्रथम अधिकार – आम आदमी पार्टी
आम आदमी पार्टी, पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी के जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार के नेतृत्व में आज दिनांक 02 जुलाई 2026 को उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से जमशेदपुर एवं पूर्वी सिंहभूम जिले में संचालित बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों में स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने तथा प्रभावी स्थानीय रोजगार नीति लागू करने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि जमशेदपुर देश का एक प्रमुख औद्योगिक शहर है, जहाँ टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, टिनप्लेट कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड (TCIL) सहित अनेक बड़े उद्योग संचालित हैं। इन उद्योगों से क्षेत्र का आर्थिक विकास तो हो रहा है, लेकिन औद्योगिक प्रदूषण का सबसे अधिक दुष्प्रभाव भी स्थानीय नागरिकों को ही झेलना पड़ता है। कई बार शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) अस्वास्थ्यकर (Unhealthy) श्रेणी में पहुँच जाता है, जिससे आम जनता के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है।
*जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने कहा कि जब स्थानीय लोग वर्षों से औद्योगिक प्रदूषण का भार उठा रहे हैं, तो इन उद्योगों में रोजगार का पहला अधिकार भी स्थानीय युवाओं का होना चाहिए। दुर्भाग्यवश, अधिकांश उद्योगों में बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों के लोगों की नियुक्ति की जाती है, जबकि योग्य एवं शिक्षित स्थानीय युवा रोजगार के लिए भटकने को मजबूर हैं।*
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की मांग है कि पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी बड़े उद्योगों में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार में प्राथमिकता सुनिश्चित की जाए तथा इस संबंध में स्पष्ट एवं प्रभावी स्थानीय रोजगार नीति लागू की जाए। इससे न केवल स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि सामाजिक न्याय को भी बढ़ावा मिलेगा और उद्योगों एवं स्थानीय समाज के बीच विश्वास और सहयोग का वातावरण मजबूत होगा।
आम आदमी पार्टी ने उपायुक्त कार्यालय में इस विषय पर गंभीरतापूर्वक पहल करते हुए संबंधित उद्योगों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया है। पार्टी ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन स्थानीय युवाओं के हितों की रक्षा करते हुए इस महत्वपूर्ण मांग पर सकारात्मक एवं शीघ्र कार्रवाई करेगा।
इस कार्य में मुख्य रूप से संतोष भगत, आशीष घोष, चरणजीत सिंह, मनमोहन सिंह एवं अन्य कई लोग मौजूद थे l
*जारीकर्ता:*
*जिला कमेटी*
*जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम*
*आम आदमी पार्टी*





