संगठन विस्तार को लेकर भारतीय जनता मजदूर मंच की बैठक, पांच प्रखंड अध्यक्षों की घोषणा
दो महामंत्री समेत सात पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी, पंचायत व बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
जामताड़ा। भारतीय जनता मजदूर मंच के बैनर तले शुक्रवार को जामताड़ा स्थित जिला कार्यालय में संगठन विस्तार एवं मजबूती को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राहुल देव शर्मा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में मंच के प्रदेश अध्यक्ष सह झारखंड के पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा उर्फ बाटुल झा उपस्थित रहे। जिला अध्यक्ष सहित मंच के कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।
बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी गतिविधियों तथा जिला एवं प्रखंड स्तर पर संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई। जिला अध्यक्ष राहुल देव शर्मा ने जितेंद्र राउत एवं प्रवीण कुमार पंडित को महामंत्री की जिम्मेदारी दी।
वहीं, जामताड़ा प्रखंड अध्यक्ष के रूप में शिव शंकर मंडल, नाला प्रखंड अध्यक्ष परमेश्वर किस्कू, नारायणपुर प्रखंड अध्यक्ष चंद्र मोहन सेन, फतेहपुर प्रखंड अध्यक्ष फनी भूषण मंडल तथा कुंडहित प्रखंड अध्यक्ष परितोष राय को जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्रदेश अध्यक्ष सत्यानंद झा ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन का विस्तार करते हुए उसे जमीनी स्तर पर और मजबूत करना है। कार्यकर्ताओं की सक्रियता से संगठन को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्र में मजदूरों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष राहुल देव शर्मा ने कहा कि संगठन को पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया जाएगा। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ संगठन हित में कार्य करने की अपील की।
मौके पर संजीत मंडल, सत्य नारायण बाउरी सहित मंच के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।






