BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव, कल्याणेश्वर महादेव मंदिर में हुआ रुद्राभिषेक


जामताड़ा। सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर जामताड़ा जिले के विभिन्न शिवालयों में भगवान भोलेनाथ एवं माता पार्वती की विशेष श्रृंगार पूजा और रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
जामताड़ा प्रखंड परिसर स्थित श्री श्री 1008 कल्याणेश्वर महादेव मंदिर में अंतिम सोमवारी पर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ। मुख्य यजमान रामकुमार मिश्र एवं उनकी धर्मपत्नी पूनम मिश्रा ने मंदिर के पुजारी आचार्य गौरी शंकर पांडेय के नेतृत्व में भगवान भोलेनाथ की भव्य श्रृंगार पूजा एवं रुद्राभिषेक कराया। विद्वान पंडित आशीष कुमार पांडेय, आलोक कुमार पांडेय, केदारनाथ पांडेय, बजरंगी पांडेय, कन्हैयालाल मिश्र एवं अनूप मिश्रा सहित अन्य पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक संपन्न कराया।
पूजा के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा। जामताड़ा ब्लॉक रोड एवं बाजार क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और रुद्राभिषेक में शामिल हुए। देर रात भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों पर देर रात तक भगवान शिव की आराधना की। अंतिम सोमवारी को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।