राजा जंग बहादुर सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की मांग तेज, चैंबर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने उठाई आवाज
जनकल्याण के लिए राज परिवार द्वारा दी गई भूमि का हवाला, मुख्यमंत्री व उपायुक्त से पहल की मांग
उदय किशोर सिंह
जामताड़ा। जामताड़ा नगर में विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित हैं, जिनकी जयंती एवं पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाती है। इसी क्रम में अब जामताड़ा के राज परिवार के जनकल्याणकारी योगदान को देखते हुए स्वर्गीय राजा जंग बहादुर सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की मांग तेज हो गई है।
इस मांग को अब चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने भी उठाया है। उन्होंने कहा कि जामताड़ा के राज परिवार का क्षेत्र के विकास और जनकल्याण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। राज परिवार द्वारा जनहित में राज्य सरकार को भूमि दान की गई थी, जिसका उपयोग आज भी आम जनता के हित में हो रहा है।
संजय अग्रवाल ने कहा कि स्टेशन रोड स्थित राजा जंग बहादुर प्लस टू विद्यालय तथा इंदिरा चौक स्थित सदर अस्पताल इसके प्रमुख उदाहरण हैं। दोनों संस्थान जामताड़ा के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं और इनके माध्यम से राज परिवार के जनकल्याणकारी योगदान को याद किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के गठन के बाद अब समय आ गया है कि जामताड़ा के विकास में योगदान देने वाले परम श्रद्धेय स्वर्गीय राजा जंग बहादुर सिंह की प्रतिमा नगर में स्थापित की जाए। इससे राज परिवार के योगदान को सम्मान मिलेगा और जामताड़ा की जनता को भी अपने राजा की जयंती एवं पुण्यतिथि पर सार्वजनिक रूप से श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर मिलेगा।
संजय अग्रवाल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं जामताड़ा के उपायुक्त आलोक कुमार दुबे से मांग की है कि जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार इस दिशा में सकारात्मक पहल करते हुए नगर में उपयुक्त स्थान पर राजा जंग बहादुर सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू करे।
उन्होंने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं केवल स्मारक नहीं होतीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान और इतिहास से परिचित कराने का माध्यम भी होती हैं। राजा जंग बहादुर सिंह की प्रतिमा स्थापित होने से जामताड़ा के इतिहास और राज परिवार के जनकल्याणकारी कार्यों को भी उचित सम्मान मिल सकेगा।






