जामताड़ा में IRB-1 के DSP प्रमोद कुमार सिंह की संदिग्ध परिस्थिति में मौत।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। झिलुआ स्थित IRB-1 (इंडिया रिजर्व बटालियन) में पदस्थापित डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह की गुरुवार देर शाम संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किचन में अचानक गिरने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी।
बताया जा रहा है कि शाम करीब 7 बजे डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह अपने किचन में थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे गिर पड़े। घटना के बाद IRB के अधिकारियों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए जामताड़ा सदर ब्लॉक स्थित पारस अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दिवंगत डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के आरा जिले के रहने वाले थे, जबकि उनका परिवार रांची में रहता है। उनकी अचानक मौत की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा एसपी शंभू कुमार सिंह, स्थानीय थाना प्रभारी समेत जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पारस अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही डीएसपी की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।






