आर्ट ऑफ लिविंग के सामूहिक रुद्राभिषेक में भक्तिरस में डूबा जामताड़ा, शिवमय हुआ पूरा शहर
जामताड़ा। न्यू टाउन स्थित ओल्ड बीएसएनएल गली के ‘इंदु प्रभा भवन’ में आर्ट ऑफ लिविंग, जामताड़ा इकाई की ओर से भव्य सामूहिक महा रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और पूरा वातावरण भक्तिमय एवं शिवमय हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक परंपरा के अनुसार भव्य गुरु पूजन के साथ हुआ। आर्ट ऑफ लिविंग के अंतरराष्ट्रीय आश्रम, बेंगलुरु से विशेष रूप से पधारे स्वामी अरुण जी एवं वेदाचार्यों ने शास्त्रोक्त विधि-विधान से रुद्राभिषेक संपन्न कराया। वेदाचार्यों द्वारा किए गए दिव्य संस्कृत मंत्रों के सस्वर उच्चारण से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।
समारोह को संबोधित करते हुए स्वामी अरुण जी ने सावन माह में रुद्राभिषेक के महत्व और इसके आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सावन में भगवान शिव की आराधना करने से मन को शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक संतुलन प्राप्त होता है।
इस दौरान स्वामी अरुण जी के सान्निध्य में मधुर एवं अलौकिक शिव भजनों की प्रस्तुति हुई, जिस पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे।
आर्ट ऑफ लिविंग के जिला मीडिया कोऑर्डिनेटर विजय भगत ने बताया कि महा रुद्राभिषेक में दो दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं ने अपनी विशेष मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए मुख्य यजमान के रूप में संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में इंदु प्रभा, झूमा गौण, प्रकाश शेखर, रीना द्विवेदी, विजय भगत, शारदा प्रतिमा, श्रीकांत प्रसाद, अर्चना चौधरी, संजीव सिंह, अशोक बर्मन और किशोर नारनौलिया समेत आर्ट ऑफ लिविंग परिवार के सभी सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
अंत में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। महाप्रसाद वितरण के साथ ही भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक अनुष्ठान का समापन हुआ।






