स्वास्थ्य भवनों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा, डीसी ने दिए आवश्यक निर्देश
जामताड़ा, 24 अगस्त। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में डिस्ट्रिक्ट लेवल कमिटी स्ट्रक्चर की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15वें वित्त आयोग, पीएम-एबीएचआईएम एवं एनएचएम के तहत जिले में निर्माणाधीन स्वास्थ्य भवनों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं स्वास्थ्य उपकेंद्र भवनों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों एवं समयसीमा के अनुरूप पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने नए स्वीकृत स्वास्थ्य भवनों की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की।
बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत प्रस्तावित भवनों के स्थल परिवर्तन सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, नगर परिषद मिहिजाम के कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुम्भकार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, डीपीएम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






