उदय किशोर
जामताड़ा।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 22 एवं 23 अगस्त को फॉर्म-6 और फॉर्म-8 भरने के लिए द्वितीय एवं अंतिम विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इस दौरान बीएलओ मतदान केंद्रों पर मौजूद रहकर मतदाताओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने जिले के सभी पात्र नागरिकों एवं मतदाताओं से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जिन पात्र भारतीय नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है तथा जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है या 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूर्ण होने वाली है, वे फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। झारखंड के किसी विधानसभा क्षेत्र के सामान्य निवासी भी फॉर्म-6 एवं घोषणा पत्र के माध्यम से नामांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि ऐसे परिवार जिनके सभी सदस्य वर्तमान में एक ही स्थान पर निवास करते हैं, लेकिन उनके नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों की मतदाता सूची में दर्ज हैं, वे फॉर्म-8 के माध्यम से अपने नाम को एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर विशेष शिविर का लाभ उठाने तथा अपने परिवार के सभी सदस्यों के मतदाता विवरण की जांच करने की अपील की। ऑनलाइन आवेदन के लिए ECINET ऐप अथवा voters.eci.gov.in का उपयोग किया जा सकता है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।







