बजराघाट एनएच-419 पर क्षतिग्रस्त ब्रिज से आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित।
उदय किशोर
जामताड़ा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देशानुसार जामताड़ा सदर प्रखंड अंतर्गत बजराघाट स्थित एनएच-419 पर क्षतिग्रस्त ब्रिज से वाहनों एवं आमजनों का आवागमन तत्काल प्रभाव से पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है। सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी ने राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, धनबाद के कार्यपालक अभियंता सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। आमजनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए क्षतिग्रस्त ब्रिज की ओर आवागमन रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन के निर्देश पर बिरसा चौक सहित एनएच-419 के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर आवागमन प्रतिबंधित होने से संबंधित सूचना पट्ट लगाने तथा ब्रिज के अप्रोच के समीप स्थायी अवरोधक संरचना स्थापित करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा बिरसा चौक क्षेत्र में आवश्यकता के अनुसार 24×7 यातायात पुलिस की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षतिग्रस्त ब्रिज की ओर आवागमन न करें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।






