पाकुड़ में जन समाधान दिवस का आयोजन; डीसी मेघा भारद्वाज ने सुनीं लोगों की समस्याएं, त्वरित निष्पादन का निर्देश
पाकुड़ में जन समाधान दिवस का आयोजन; डीसी मेघा भारद्वाज ने सुनीं लोगों की समस्याएं, त्वरित निष्पादन का निर्देश
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
पाकुड़ : समाहरणालय में शुक्रवार को आयोजित जन समाधान दिवस में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान भूमि को प्रतिबंधित श्रेणी से मुक्त करने, बेटी आजिजा खातून के इलाज के लिए सहायता, पेट्रोल पंप के लिए लंबित एनओसी निर्गत करने और जमीन पर जबरन कब्जा सहित कई जनहित के मामले आए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों की निष्पक्ष, तथ्यपरक और गुणवत्तापूर्ण जांच कर तय समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जन समाधान दिवस प्रशासन और जनता के बीच संवाद और विश्वास को मजबूत करने का प्रभावी मंच है, जिससे निष्पादन में पारदर्शिता और गति आती है। सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हें समय पर मिले।






